"ओ बी ओ लाइव तरही मुशायरा" अंक-187

ओ बी ओ लाइव तरही मुशायरे के 187 वें अंक में आपका हार्दिक स्वागत है |

इस बार का मिसरा आज के दौर के मशहूर शायर जनाब इरफ़ान सिद्दीक़ी साहब की ग़ज़ल से लिया गया है।

तरही मिसरा है:

“अस्ल जंजीर तो सामान-ए-सफ़र है साईं”

बह्र 2122, 1122, 1122, 112/22

अर्थात् फ़ायलातुन्, फ़ियलातुन् फ़ियलातुन्, फ़यलुन् है।

रदीफ़ है “है साईं” और क़ाफ़िया है ‘अर’ का स्वर

क़ाफ़िया के कुछ उदाहरण हैं, अगर, अधर, अमर, असर, इधर, उतर, खबर, डगर, नगर, नजर, पहर, मगर, लहर आदि उदाहरण के रूप में, मूल ग़ज़ल यथावत दी जा रही है।

मूल ग़ज़ल यह है:

देख ले ख़ाक है कासे में कि ज़र है साईं

दस्त-ए-दादार बड़ा शो'बदा-गर है साईं

तू मुझे उस के ख़म-ओ-पेच बताता क्या है

कू-ए-क़ातिल तो मिरी राहगुज़र है साईं

शहर-ओ-सहरा तो हैं इंसानों के रक्खे हुए नाम

घर वहीं है दिल-ए-दीवाना जिधर है साईं

पाँव की फ़िक्र न कर बार-ए-कम-ओ-बेश उतार

अस्ल जंजीर तो सामान-ए-सफ़र है साईं

शा'इरी कौन करामत है मगर क्या कीजे

दर्द है दिल में सो लफ़्ज़ों में असर है साईं

'इश्क़ में कहते हैं फ़रहाद ने काटा था पहाड़

हम ने दिन काट दिए ये भी हुनर है साईं


मुशायरे की अवधि केवल दो दिन होगी । मुशायरे की शुरुआत दिनांक 28 जनवरी दिन बुधवार के प्रारंभ के साथ हो जाएगी और दिनांक 29 जनवरी दिन गुरुवार के समाप्त होते ही मुशायरे का समापन कर दिया जायेगा.

नियम एवं शर्तें:-

"ओ बी ओ लाइव तरही मुशायरा" में प्रति सदस्य अधिकतम एक ग़ज़ल ही प्रस्तुत की जा सकेगी |

एक ग़ज़ल में कम से कम 5 और ज्यादा से ज्यादा 11 अशआर ही होने चाहिए |

तरही मिसरा मतले को छोड़कर पूरी ग़ज़ल में कहीं न कहीं अवश्य इस्तेमाल करें | बिना तरही मिसरे वाली ग़ज़ल को स्थान नहीं दिया जायेगा |

शायरों से निवेदन है कि अपनी ग़ज़ल अच्छी तरह से देवनागरी के फ़ण्ट में टाइप कर लेफ्ट एलाइन, काले रंग एवं नॉन बोल्ड टेक्स्ट में ही पोस्ट करें | इमेज या ग़ज़ल का स्कैन रूप स्वीकार्य नहीं है |

ग़ज़ल पोस्ट करते समय कोई भूमिका न लिखें, सीधे ग़ज़ल पोस्ट करें, अंत में अपना नाम, पता, फोन नंबर, दिनांक अथवा किसी भी प्रकार के सिम्बल आदि भी न लगाएं | ग़ज़ल के अंत में मंच के नियमानुसार केवल "मौलिक व अप्रकाशित" लिखें |

वे साथी जो ग़ज़ल विधा के जानकार नहीं, अपनी रचना वरिष्ठ साथी की इस्लाह लेकर ही प्रस्तुत करें

नियम विरूद्ध, अस्तरीय ग़ज़लें और बेबहर मिसरों वाले शेर बिना किसी सूचना से हटाये जा सकते हैं जिस पर कोई आपत्ति स्वीकार्य नहीं होगी |

ग़ज़ल केवल स्वयं के प्रोफाइल से ही पोस्ट करें, किसी सदस्य की ग़ज़ल किसी अन्य सदस्य द्वारा पोस्ट नहीं की जाएगी ।

विशेष अनुरोध:-

सदस्यों से विशेष अनुरोध है कि ग़ज़लों में बार बार संशोधन की गुजारिश न करें | ग़ज़ल को पोस्ट करते समय अच्छी तरह से पढ़कर टंकण की त्रुटियां अवश्य दूर कर लें | मुशायरे के दौरान होने वाली चर्चा में आये सुझावों को एक जगह नोट करते रहें और संकलन आ जाने पर किसी भी समय संशोधन का अनुरोध प्रस्तुत करें | 

मुशायरे के सम्बन्ध मे किसी तरह की जानकारी हेतु नीचे दिये लिंक पर पूछताछ की जा सकती है....

"OBO लाइव तरही मुशायरे" के सम्बन्ध मे पूछताछ

फिलहाल Reply Box बंद रहेगा जो 28 जनवरी दिन बुधवार लगते ही खोल दिया जायेगा, यदि आप अभी तक ओपन बुक्स ऑनलाइन परिवार से नहीं जुड़ सके है तो www.openbooksonline.comपर जाकर प्रथम बार sign upकर लें.

"ओ बी ओ लाइव तरही मुशायरा" के पिछ्ले अंकों को पढ़ने हेतु यहाँ क्लिक...

मंच संचालक

तिलक राज कपूर

(वरिष्ठ सदस्य)

ओपन बुक्स ऑनलाइन डॉट कॉम

Load Previous Replies
  • up

    अजय गुप्ता 'अजेय

    सुना ही था "बड़ी मुश्किल ये डगर है साईं"   
    राह-ए-ईमाँ का तो गुल तक भी शरर है साईं 
     
    जो झुका रहता हो बस बोझ वो सर है साईं 
    रीढ़ जिस में नहीं वो क्या ही कमर है साईं 
     
    ज़र्रे-ज़र्रे पे हुक़ूमत बस उसी की चलती  
    वो दिखाई नहीं देता है, मगर है साईं 
     
    दर्ज होते हैं तेरे कर्म तुझे है मालूम  
    बाज तू फिर भी नहीं आता, गदर है साईं  
     
    देख पाँवों को ही नारी के वहीं है जन्नत
    कहने वाले की भी सीने पे नज़र है साईं  
     
    आज के दौर की कड़वी सी हक़ीक़त है ये
    भूल अपनों की, परायों की ख़बर है साईं
     
    और कुछ रोक नहीं दर पे तेरे आने तक  
    **अस्ल ज़ंजीर तो सामान-ए-सफ़र है साईं  
    #मौलिक एवं अप्रकाशित 
    3
    • up

      Jaihind Raipuri

      शह्र में झूठ का कुछ ऐसा असर है साईं

      अब तलक सच की नहीं ख़ैर ख़बर है साईं

      याद है या कोई रूहानी असर है साईं

      काम करता ही नहीं कुछ भी हुनर है साईं

      भूल जाता हूँ ये अक्सर कि उसे भूलना है

      अब किसी बात का भी होश किधर है साईं

      उसकी यादों का मैं ये बोझ उठाऊं कैसे

      जैसे तैसे हो रही अपनी गुज़र है साईं

      हूँ ख़ुदा होने न होने की बहस में शामिल

      जेह्न वालों की जिहालत का असर है साईं

      ढूंढ़ ही लेता तरक़्क़ी ये सदा जुमले में

      वाह क्या आपकी भी तेज़ नज़र है साईं

      एक दिन टूट ही जायेगा सफ़र में ये दम

      "अस्ल जंजीर तो सामान ए सफ़र है साईं "

      मौलिक एवं अप्रकाशित 

      2
      • up

        Dayaram Methani

        आपने खत लिखा उसका ही असर है साईं
        छोड़ दी अब बुरी संगत की डगर है साईं

        धर्म के नाम बताया गया भाई चारा
        पर भरा अब दिलों में खूब ज़हर है साईं

        देश हित जान दी जिसने वो हमारा हीरो
        नाम उसका ही ज़माने में अमर है साईं

        आप कहते है सभी में वो समाया फिर क्यों
        द्वेष का दरिया हुआ दिल औ जिगर है साईं

        खून की प्यास बुझेगी न कभी ‘मेठानी’
        धर्म मजहब का नशा एक शिखर है साईं

        गिरह
        राख तन होगा मगर मोह मिटे ना जग से
        “अस्ल जंजीर तो सामान-ए-सफ़र है साईं”
        — दयाराम मेठानी
        (मौलिक एवं अप्रकाशित)

        1