छन्न पकैया (सार छंद)

छन्न पकैया (सार छंद)

-----------------------------

छन्न पकैया - छन्न पकैया, तीन रंग का झंडा।

लहराता अब धरा - चाँद पर, करता मन को ठंडा।।

छन्न पकैया - छन्न पकैया, देश जान से प्यारा।

हम सबके ही मन में बहती, देश प्रेम की धारा।।

छन्न पकैया- छन्न पकैया, दुर्गम अपनी राहें।

मन में है कोमलता बसती, फ़ौलादी हैं बाँहें।।

छन्न पकैया- छन्न पकैया, हम भारत के फौजी।

तन पर सहते कष्ट हज़ारों, फिर भी मन के मौजी।।

छन्न पकैया - छन्न पकैया, संगीनों का साया।

देख हौसला हम वीरों का, दुश्मन दल घबराया।।

छन्न पकैया - छन्न पकैया, गर्वित सेना बोले।

मारेंगे जब घर में घुसकर , बरसेंगे बस शोले।।

छन्न पकैया - छन्न पकैया, सरहद हो उजियारी।

प्रेमबीज की फसलें बोकर, बंद करें बमबारी।।

मौलिक एवं अप्रकाशित