For any Query/Feedback/Suggestion related to OBO, please contact:- admin@openbooksonline.com & contact2obo@gmail.com, you may also call on 09872568228(योगराज प्रभाकर)/09431288405(गणेश जी "बागी")

क्यों चले आए शहर (नवगीत) - कल्पना रामानी

क्यों चले आए शहर, बोलो 

श्रमिक क्यों गाँव छोड़ा?

 

पालने की नेह डोरी,  

को भुलाकर आ गए।

रेशमी ऋतुओं की लोरी,

को रुलाकर आ गए।

 

छान-छप्पर छोड़ आए,

गेह का दिल तोड़ आए,

सोच लो क्या पा लिया है,

और  क्या सामान जोड़ा?

 

छोडकर पगडंडियाँ

पाषाण पथ अपना लिया।

गंध माटी भूलकर,

साँसों भरी दूषित हवा।

 

प्रीत सपनों से लगाकर,

पीठ अपनों को दिखाकर,

नूर जिन नयनों के थे, क्यों

नीर उनका ही निचोड़ा?    

 

है उधर आँगन अकेला,

और तुम तन्हा इधर।

पूछती हर रहगुज़र है,

अब तुम्हें जाना किधर।

 

राज जिनसे मिला चोखा,

क्यों  उन्हें ही दिया  धोखा?

विष पिलाया विरह का,

वादों का अमृत घोल थोड़ा।

 

भूल बैठे बाग, अंबुआ

की झुकी वे डालियाँ।

राह तकते खेत, गेहूँ

की सुनहरी बालियाँ।

 

त्यागकर हल-बैल-बक्खर,

तोड़ते हो आज पत्थर,

सब्र करते तो समय का,

झेलते क्यों क्रूर कोड़ा?

मौलिक व अप्रकाशित

कल्पना रामानी

Views: 1234

Comment

You need to be a member of Open Books Online to add comments!

Join Open Books Online


सदस्य टीम प्रबंधन
Comment by Saurabh Pandey on December 20, 2013 at 2:45pm

//गज़ल को बिलकुल अलग करने की कोशिश करूँगी। //

ना.. मैंने ऐसा एकदम नहीं कहा है कि नवगीत की पंक्तियाँ ग़ज़लों के बह्र पर आधारित न हों. बस इतना संवेदनशील और आग्रही हम अवश्य हों कि लघु के स्थान पर आसन्न अक्षर की मात्रा गिरानी न पड़े. भरसक ऐसी कोशिश हो.

कारक की विभक्तियों या है, हूँ, हो आदि को तो वर्णिक छंदों में भी छूट मिल जाता है.

मैं इस संदर्भ को और स्पष्ट करने के लिए इसी मंच के दो लिंक साझा कर रहा हूँ जहाँ कुछ ही दिनों पहले इसी विन्दु पर सार्थक चर्चाएँ हुई थीं.

http://www.openbooksonline.com/profiles/blogs/5170231:BlogPost:474997

http://openbooksonline.com/profiles/blogs/5170231:BlogPost:480122

सादर

Comment by कल्पना रामानी on December 20, 2013 at 10:34am

आदरणीय सौरभ जी, आपकी टिप्पणी से ही मैंने गौर किया कि आप सही कह रहे हैं। लिखते समय आजकल गज़ल हावी होने लगती है। यह रचना किसी उदाहरण को देखकर नहीं लिखी, आजकल पढ़ना सीमित हो गया है और चर्चा तो किसी से कभी होती ही नहीं। एक आप ही हैं जिनसे सही दिशा निर्देश की उम्मीद रहती है। अगर इस तरह की रचनाएँ नवगीत विधा में कमतर मानी जाती हैं तो आगे आपको निराश नहीं होना पड़ेगा। गज़ल को बिलकुल अलग करने की कोशिश करूँगी। मैं लखनऊ दो बार आ चुकी हूँ लेकिन चर्चा में हिस्सा नहीं ले पाई (अक्षमता के कारण)  नवगीत को लेख आदि पढ़कर ही समझने की कोशिश करती रही हूँ। आपने अपने व्यस्त क्षणों से इतना समय निकालकर मार्गदर्शन किया, आपका हृदय से आभार।  


सदस्य टीम प्रबंधन
Comment by Saurabh Pandey on December 20, 2013 at 2:36am

आदरणीया कल्पनाजी, आपकी रचनाधर्मिता प्रभावित तो करती ही है, अनुकरणीय भी होती है.
इसके लिए आपकी रचनाओं के हम आभारी भी हैं.

आदरणीया, आपने संभवतः पहली बार, ऐसा मेरा अनुमान है, बह्र से समर्थित पंक्तियों को नवगीत का हिस्सा बनाया है.


मुखड़ा और आधार पंक्तियाँ २१२२ २१२२ २१२२ २१२२ पर आधारित हैं. और अंतरा की पंक्तियाँ २१२२ २१२२ २१२२ २१२ पर

आधारित हैं.

यह उचित है कि प्रयासकर्म विविधताओं भरा हो. लेकिन सक्षमा कहूँगा कि आपने इस क्रम में मात्राओं को भरपूर गिराया है. यह नवगीत की विधा को लेकर बहुत अच्छा प्रयास नहीं कहा जा सकता. इस तरह का कोई प्रयास नवगीत को एक विधा के तौर पर उथला प्रचारित करता है. गिराये गये अक्षरों के कारण पंक्तियों की कुल मात्रा भी गड़बड़ाती हुई होती है.

आदरणीया, मुझे पूरा भान है कि ऐसी रचनाएँ (नवगीत) बहुतायत में उपलब्ध हैं और खुल कर रचे जा रहे हैं, जहाँ तुकान्तता, मात्राओं और अन्य तत्सम्बन्धी विधानों को लेकर तथाकथित प्रयोग चल रहे हैं.

लेकिन क्यों हम ऐसे किसी उदाहरण का अनुकरण करें जो किसी रचनाकार की अक्षमता के कारण व्यवहार में प्रचलित हैं ?

मेरी बात बहुत कष्टप्रद लग सकती है. इस तथ्य पर लखनऊ से आने के बाद से मेरी कई-कई वरिष्ठजनों से बात हुई है और यही तथ्य उभर कर सामने आया है कि नवगीत अपनी सार्थकता को अवश्य जीये. अन्यथा, विधा का दर्ज़ा पाने में इसके आगे पड़ी कई अड़चनों में से यह भी एक चट्टानवत अड़चन है.


आप एक समृद्ध और वरिष्ठ रचनाकार हैं इसी कारण इतना कुछ कह पाने का साहस कर पा रहा हूँ. आप तो मात्रिकता सटीक निर्वहन करती हैं ! अन्यथा इतने अधिकार से  कहता.

यह प्रस्तुति भी मेरे अंतरमन को बहुत आकृष्ट नहीं कर पायी. इसके लिए क्षमा चाहता हूँ.

सार्थक प्रस्तुति की अदम्य प्रतीक्षा में .. .

सादर

Comment by कल्पना रामानी on December 19, 2013 at 9:41pm

 आदरणीया कुंती जी,  प्राची जी, राजेशकुमारी जी, गीतिका जी, वंदना जी, आदरणीय संजय जी, अजय जी, जितेंद्र जी, अविनाश जी; आप सबका प्रोत्साहित करती हुई सुंदर टिप्पणियों के लिए हार्दिक आभार

सादर   

Comment by AVINASH S BAGDE on December 19, 2013 at 11:07am

रेशमी ऋतुओं की लोरी,

को रुलाकर आ गए।...wah!

नूर जिन नयनों के थे, क्यों

नीर उनका ही निचोड़ा।  umda

सब्र करते तो समय का,

झेलते क्यों क्रूर कोड़ा।sateek..

sateek

कल्पना रामानी ji...

Comment by जितेन्द्र पस्टारिया on December 19, 2013 at 8:14am

 है उधर आँगन अकेला,

तुम हो एकाकी इधर।

पूछती हर रहगुज़र है,

अब तुम्हें जाना किधर।...............बेहद सुंदर व् कोमल भाव से अंतर को अवसाद में घेर लेती  पंक्तियाँ

 

जिनसे पाया राज चोखा,

दे दिया उनको ही धोखा,

विष पिलाया विरह का,

वादों का अमृत घोल थोड़ा।..............यहाँ इन्सान का स्वार्थ से पूर्ण, स्वभाव उजागर होता है

सर्वप्रथम आपकी लेखनी को नमन आदरणीया कल्पना जी, अद्भुत अनुपम रचना पर आपको हृदय से बधाई

 

Comment by vandana on December 19, 2013 at 6:54am

 

है उधर आँगन अकेला,

तुम हो एकाकी इधर।

पूछती हर रहगुज़र है,

अब तुम्हें जाना किधर।

सार्थक प्रश्न उठाती रचना ....बहुत बहुत बधाई आदरणीय कल्पना मैम

Comment by ajay sharma on December 18, 2013 at 10:29pm

क्यों चले आए शहर, बोलो 

श्रमिक क्यों गाँव छोड़ा।      

 सुन्दर नवगीत............................


सदस्य कार्यकारिणी
Comment by rajesh kumari on December 18, 2013 at 10:09pm

शहर की चकाचौंध ,आधुनिकता का आकर्षण जिसके वशीभूत  हो युवा अपना गाँव छोड़ आते हैं उनके लिए एक सीख देता हुआ आपका ये नवगीत बहुत सुन्दर बहुत बहुत बधाई आदरणीय कल्पना जी 

Comment by वेदिका on December 18, 2013 at 8:42pm

भावों की भूमि पर एक सार्थक प्रश्न चिन्ह छोड़ा है|

साधुवाद आ० कल्पना दी!

कृपया ध्यान दे...

आवश्यक सूचना:-

1-सभी सदस्यों से अनुरोध है कि कृपया मौलिक व अप्रकाशित रचना ही पोस्ट करें,पूर्व प्रकाशित रचनाओं का अनुमोदन नही किया जायेगा, रचना के अंत में "मौलिक व अप्रकाशित" लिखना अनिवार्य है । अधिक जानकारी हेतु नियम देखे

2-ओपन बुक्स ऑनलाइन परिवार यदि आपको अच्छा लगा तो अपने मित्रो और शुभचिंतको को इस परिवार से जोड़ने हेतु यहाँ क्लिक कर आमंत्रण भेजे |

3-यदि आप अपने ओ बी ओ पर विडियो, फोटो या चैट सुविधा का लाभ नहीं ले पा रहे हो तो आप अपने सिस्टम पर फ्लैश प्लयेर यहाँ क्लिक कर डाउनलोड करे और फिर रन करा दे |

4-OBO नि:शुल्क विज्ञापन योजना (अधिक जानकारी हेतु क्लिक करे)

5-"सुझाव एवं शिकायत" दर्ज करने हेतु यहाँ क्लिक करे |

6-Download OBO Android App Here

हिन्दी टाइप

New  देवनागरी (हिंदी) टाइप करने हेतु दो साधन...

साधन - 1

साधन - 2

Latest Activity

Profile IconKamran Akmal and sushil yadav joined Open Books Online
10 hours ago
राज़ नवादवी replied to Admin's discussion अति आवश्यक सूचना : कृपया अवश्य अवगत हों .....
"🌹 OBO के पुनर्गठन एवं पुनर्जीवन के लिए एक सशक्त अपील और कुछ रचनात्मक…"
Tuesday
Dharmendra Kumar Yadav posted blog posts
Saturday
Sushil Sarna posted a blog post

कुंडलिया. . . . झोला

कुंडलिया. . . . झोलाझोला   लेकर  हाथ  में, चले   मुरारी   लाल । भाव देख कर थम गई,  उनकी बढ़ती चाल…See More
Saturday
लक्ष्मण धामी 'मुसाफिर' replied to Admin's discussion अति आवश्यक सूचना : कृपया अवश्य अवगत हों .....
"सभी को मिलकर ओबीओ को बचाने का सतत प्रयास करते रहना चाहिए।"
Sep 17
लक्ष्मण धामी 'मुसाफिर' commented on vijay nikore's blog post सांकल मन के द्वार पर
"आ.भाई विजय जी, सादर अभिवादन। बहुत सुंदर रचना हुई है। हार्दिक बधाई स्वीकारें।"
Sep 17
राज़ नवादवी replied to Admin's discussion अति आवश्यक सूचना : कृपया अवश्य अवगत हों .....
"atyant dukahd "
Sep 11
जगदानन्द झा 'मनु' replied to जगदानन्द झा 'मनु''s discussion गजल in the group मैथिली साहित्य
"आदरणीय, प्रणाम संगहि संग हार्दिक धन्यवाद। अपनेक मार्गदर्शन पाबि बहुत बेसी मोटिवेशन आ सीखक मिलैए…"
Sep 10

सदस्य टीम प्रबंधन
Saurabh Pandey replied to जगदानन्द झा 'मनु''s discussion गजल in the group मैथिली साहित्य
"आदरणीय जगदानन्द झा मनु जी, अहाँ बड्ड नीक गजल पठेलियै. सबसे पहिल, त हम प्रयुक्त भेल बहरक विषय में…"
Aug 18
Ashok Kumar Raktale commented on Ashok Kumar Raktale's blog post हरिगीतिका छंद
"आदरणीय सौरभ जी सादर प्रणाम, प्रस्तुत हरिगीतिका छंद पर आपकी प्रतिक्रिया से सृजन सफल हुआ है. आपके…"
Aug 15
Ashok Kumar Raktale commented on Ashok Kumar Raktale's blog post हरिगीतिका छंद
"आदरणीय श्याम नारायण वर्मा जी सादर, प्रस्तुत छंदों पर उत्साहवर्धन के लिए आपका हार्दिक आभार.…"
Aug 15
जगदानन्द झा 'मनु' added 2 discussions to the group मैथिली साहित्य
Aug 10

© 2026   Created by Admin.   Powered by

Badges  |  Report an Issue  |  Terms of Service